IMG-20260105-WA0094.jpg

केतका जंगल में अवैध उत्खनन, स्कूल के पास दर्जनों क्रेशर: आदिवासी गांव देवीपुर प्रदूषण की गिरफ्त में” शिवसेना ने कलेक्टर के नाम सौंपा  ज्ञापन


सूरजपुर।
जिला मुख्यालय से मात्र 7 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम देवीपुर आज गंभीर पर्यावरणीय संकट और प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बनता जा रहा है। ग्राम में स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, जहाँ रोज़ाना सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं, उसी स्कूल परिसर के ग्राउंड में विद्युत ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।*

सबसे चिंताजनक बात यह है कि विद्यालय से मात्र लगभग 200 मीटर की दूरी पर एक नहीं बल्कि दर्जनों गिट्टी क्रेशर प्लांट संचालित हैं। स्कूल तक जाने वाला रास्ता इन्हीं क्रेशर प्लांटों की ओर जाता है, जहाँ से दिन-रात ट्रैक्टर और भारी ट्रकों की आवाजाही होती रहती है। इससे पूरे क्षेत्र में घातक धूल, प्रदूषण और शोर फैल रहा है, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

शिवसेना जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव का कहना है कि प्रदूषण के कारण बच्चों और ग्रामीणों में दमा, सांस की बीमारी, आंखों में जलन, त्वचा रोग जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
*मामला यहीं तक सीमित नहीं है। ग्राम देवीपुर से सटे केतका जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा है। जंगल की भूमि पर भारी मशीनें चलने से पेड़ों की कटाई, वन संपदा का विनाश और पर्यावरण संतुलन बिगड़ता जा रहा है। सवाल उठ रहा है कि जंगल क्षेत्र में उत्खनन की लीज किसने दी, और क्या इसके लिए सभी वैधानिक अनुमति ली गई है?

गांव में अधिकांशतः आदिवासी एवं मूल निवासी परिवार रहते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध उत्खनन और क्रेशर संचालन से जुड़े प्रभावशाली लोगों द्वारा उन्हें डराया-धमकाया जाता है, जिससे वे खुलकर विरोध नहीं कर पाते। वहीं चर्चा है कि इस पूरे खेल में पंचायत के कुछ अधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि और जिला स्तर के कुछ भ्रष्ट अधिकारी आर्थिक लाभ उठा रहे हैं।
शिवसेना इकाई (उद्धव गुट) का मांग है कि स्कूल परिसर से तत्काल ट्रांसफार्मर हटाया जाए, क्रेशर प्लांटों और उत्खनन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र गंभीर स्वास्थ्य और पर्यावरण आपदा की ओर बढ़ सकता है। ज्ञापन सौंपने में जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव, ग्रामीण जिला प्रमुख हेमंत कुमार महंत, ब्लॉक प्रमुख मोहन सिंह टेकाम  ,महिला जिला अध्यक्ष पिंकी पटेल, बालकुंवर राजवाड़े,रजनी सिंह, अन्य शिव सैनिक शामिल रहे

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *