खबर छत्तीसगढ़ 29
सूरजपुर के डॉ. आर.एस.सिंह बने स्वास्थ्यअधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव स्वास्थ्य अमले में हर्ष, संगठन में नई ऊर्जा का संचार,,
सूरजपुर जिले के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ एवं पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. सिंह को छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी संघ का प्रांतीय महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा होते ही जिले सहित प्रदेशभर के स्वास्थ्य अमले में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई।
डॉ. सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी निष्ठा, कार्यकुशलता और संवेदनशील नेतृत्व शैली के लिए पहचाने जाते हैं। सूरजपुर जिले में पदस्थापना के दौरान उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जन-जागरूकता अभियानों को गति देने में उल्लेखनीय योगदान दिया। कोविड-19 महामारी के दौरान उनकी रणनीतिक सोच और समन्वय क्षमता ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त आधार प्रदान किया था।
संघ में प्रांतीय महासचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को संगठन में सामंजस्य, पारदर्शिता और मजबूत प्रतिनिधित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं के समाधान, सेवा शर्तों में सुधार और सुव्यवस्थित कार्य वातावरण की दिशा में ठोस पहल होगी। स्थानीय चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संगठनों ने डॉ. सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और दूरदर्शी दृष्टिकोण से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
*डॉ. सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा*
“यह दायित्व मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों के हितों की रक्षा और सेवा सुधार की दिशा में पूर्ण निष्ठा से कार्य करूंगा।”
